किसान संघ ने निकाली विशाल ट्रैक्टर-बैलगाड़ी रैली, 35 से अधिक मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन।
खेतिया। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मंगलवार को खेतिया में विशाल ट्रैक्टर-बैलगाड़ी रैली निकाली गई। रैली मंडी परिसर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंडी परिसर पहुंची।
इस दौरान किसानों ने “नहीं किसी से भीख मांगते, हम अपना अधिकार मांगते हैं”, “कौन बनाता हिंदुस्तान—भारत का किसान” और “देश का हम भंडार भरेंगे, पर कीमत पूरी लेंगे” जैसे नारे लगाए।
रैली के बाद किसानों ने प्रधानमंत्री के नाम अतिरिक्त तहसीलदार प्रज्ञा पाटीदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कृषि आदान और कृषि यंत्रों से जीएसटी समाप्त करने, सभी फसलों का लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य तय करने, किसान हितैषी आयात-निर्यात नीति बनाने तथा बीज, कृषि यंत्र और दवाइयों पर जीएसटी की दर न्यूनतम करने की मांग की गई।
किसानों ने जीएम फसलों के बीजों को भारत में अनुमति नहीं देने, भूमि अधिग्रहण कानून में किसान हितों का ध्यान रखने, कृषि ऋण और केसीसी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं ऑनलाइन करने तथा बैंकों में किसानों को अनावश्यक परेशानी से बचाने की मांग भी रखी।
ज्ञापन में कृषि, सिंचाई, विद्युत, बैंकिंग और राजस्व से जुड़ी 35 से अधिक मांगें शामिल थीं। रैली में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
खेतिया से राहुल उपासनी की रिपोर्ट
Post a Comment