आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को दृष्टिगत रखते हुए डीआईजी सिमाला प्रसाद एवं एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने मां बड़ी बिजासन माता मंदिर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगम दर्शन के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
सेंधवा/बड़वानी।
आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर मां बड़ी बिजासन माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस व प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार (06 अक्टूबर) को डीआईजी (निमाड़ रेंज, खरगोन) सिमाला प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने मां बड़ी बिजासन माता मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन व पूजा-अर्चना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात वरिष्ठ अधिकारियों ने संपूर्ण मंदिर परिसर का गहन निरीक्षण किया तथा नवरात्रि के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी सिमाला प्रसाद ने मंदिर समिति के सदस्य श्री मोहन जोशी व चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रोहित पाटीदार से सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और कतार (लाइन) व्यवस्था की जानकारी ली।
डीआईजी प्रसाद ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़ नियंत्रण, सुचारू यातायात, सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूर्ण कर लिए जाएं।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे, रक्षित निरीक्षक श्री गजेंद्र निगवाल, बिजासन चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रोहित पाटीदार, मंदिर समिति सदस्य श्री मोहन जोशी सहित मंदिर समिति के अन्य सदस्यगण एवं पुलिस बल उपस्थित रहा।


Post a Comment