सप्तऋषि सम्मान समारोह में उमेश जैन सहित अन्य मीडिया कर्मी सम्मानित।
इंदौर भारतीय पत्रकारिता महोत्सव 2026 की पूर्व संध्या पर स्टेट प्रेस क्लब मध्यप्रदेश की ओर से जाल सभागृह में सप्तऋषि सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में इंदौर से प्रकाशित प्रिंट मीडिया एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े वरिष्ठ और अनुभवी मीडिया कर्मियों को सप्तऋषि सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप ट्रॉफी, तुलसी का पौधा और गिफ्ट हैंपर प्रदान किए गए।
सम्मानित होने वाले पत्रकारों में ‘दबंग देश’ के प्रमुख संपादक श्री उमेश पारस जैन भी शामिल रहे। उन्हें उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सप्तऋषि सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान ‘दबंग देश’ की पत्रकारिता यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
समारोह के मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी थे, जबकि अध्यक्षता लेखक एवं समाजसेवी प्रवीण कक्कड़ ने की। स्टेट प्रेस क्लब मध्यप्रदेश के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम निदेशक प्रवीण खारीवाल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए पत्रकारों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि मूर्धन्य संपादकों की स्मृति में भारतीय पत्रकारिता महोत्सव का आयोजन पत्रकारिता जगत के लिए गर्व का विषय है। इंदौर के मीडिया ने पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और समाज को रचनात्मक दिशा देने में योगदान किया है।
प्रवीण कक्कड़ ने सम्मानित मीडिया कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि देश में पत्रकारिता की चर्चा होने पर इंदौर का नाम सम्मान के साथ लिया जाता है। कार्यक्रम का संचालन हर्षवर्धन ने किया तथा आभार स्टेट प्रेस क्लब के सचिव नवनीत शुक्ला ने माना। समारोह में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
इंदौर से राहुल उपासनी की रिपोर्ट


Post a Comment