लक्ष्य तय कर मेहनत करें, सफलता आपके साथ होगी : विधायक बर्डे,75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 122 विद्यार्थियों को विधायक निधि से दी प्रोत्साहन राशि।
खेतिया। आगे बढ़ने के लिए जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से प्रयास करें। मेहनत के साथ सफलता निश्चित रूप से आपके साथ होगी। आपकी सफलता से माता-पिता के साथ विद्यालय और क्षेत्र का नाम भी रोशन होगा। सरकार बच्चों की शिक्षा के लिए किसी तरह की कमी नहीं रख रही है। यह बात पानसेमल विधायक श्याम बर्डे ने सोमवार को खेतिया के कन्या विद्यालय परिसर में आयोजित संयुक्त प्रतिभा प्रोत्साहन राशि वितरण, लैपटॉप, स्कूटी एवं साइकिल वितरण समारोह में कही।
विधायक ने कहा कि 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विधायक निधि से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। यह पानसेमल विधानसभा क्षेत्र में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की एक अनूठी पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
122 विद्यार्थियों को मिली प्रोत्साहन राशि
कार्यक्रम में विधायक निधि से 75 से 85 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपए तथा 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। कुल 122 छात्र-छात्राओं को राशि के साथ शील्ड एवं अभिनंदन पत्र भी भेंट किए गए। इसके अलावा 335 साइकिल, 26 लैपटॉप और 6 स्कूटी का वितरण किया गया।
मां सरस्वती के पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्याम बर्डे एवं अतिथियों ने मां सरस्वती के पूजन के साथ किया। छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। वंदे मातरम् के गायन के बाद विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया।
कार्यक्रम को जिला महामंत्री सचिन चौहान, किसान मोर्चा के राजेंद्र शितोले, कपिल शाह एवं विनोद बाबा ने भी संबोधित किया।
बड़ी संख्या में विद्यार्थी और पालक हुए शामिल
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष दशरथ निकुम, पंडित नाना निकुम, श्याम हरसोला, मंडल अध्यक्ष रामचंद्र सोनिस, मोहन निकुम, पार्षद सूर्यकांत ऐशिकर, सचिन पटेल, नवीन मोरे, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश राजपूत सहित जनपद सदस्य एवं भाजपा पदाधिकारी मंचासीन रहे।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी विनोद पाटीदार सहित खेतिया के शासकीय एवं निजी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा धावड़ी, राखी, करनपुरा, भातकी और मल्फा क्षेत्र से विद्यार्थी एवं शिक्षक कार्यक्रम में शामिल हुए। बड़ी संख्या में पालकों की उपस्थिति रही। भीड़ अधिक होने के कारण कार्यक्रम के दौरान कुछ अव्यवस्था की स्थिति भी बनी।
मुख्यमंत्री ने पहल की सराहना की
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विधायक श्याम बर्डे द्वारा विद्यार्थियों को विधायक निधि से प्रोत्साहन राशि देने की पहल को नवाचार बताते हुए बधाई दी। स्कूटी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों ने प्रोत्साहन राशि एवं पुरस्कार प्राप्त करने के बाद प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक का आभार जताया। कार्यक्रम में विधायक की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
खेतिया से राहुल उपासनी की खास रिपोर्ट
Post a Comment