आगामी अनंत चतुर्दशी पर कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने ली समीक्षा बैठक; झांकी जुलूस व विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के दिए सख्त निर्देश।
बड़वानी। आगामी अनंत चतुर्दशी एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से दिनांक 23 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल की अध्यक्षता में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक थाना प्रभारी से उनके क्षेत्र में निकलने वाले झांकी जुलूस मार्गों एवं व्यवस्थाओं की बिंदुवार जानकारी ली तथा त्योहार के दृष्टिगत आवश्यक निर्देश दिए।
• *मार्ग व सुरक्षा व्यवस्था:* झांकी जुलूस मार्गों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने तथा संपूर्ण मार्ग पर पर्याप्त संख्या में CCTV कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
• *आयोजकों से समन्वय:* झांकी आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित समय-सारणी का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
• *नगर व ग्राम रक्षा समिति का सहयोग:* अनंत चतुर्दशी चल समारोह एवं विसर्जन के दौरान ग्राम तथा नगर रक्षा समिति के सदस्यों को सक्रिय कर उन्हें विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए गए।
• *विसर्जन स्थल पर कड़े प्रबंध:* विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
🔷 *बीट पुस्तिका का वितरण एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा*
बैठक के अंत में पुलिसिंग को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक थाना प्रभारी को *बीट पुस्तिका* वितरित की गई, जिससे क्षेत्र के अपराधों एवं गतिविधियों पर सूक्ष्मता से नजर रखी जा सके।
इसके साथ ही विभागीय समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने *CM हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं जन विश्वास पोर्टल* पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबे समय से लंबित *स्थाई वारंटों की तामिली* हेतु विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन द्वारा जिले के नागरिकों से अपील की गई कि वे अनंत चतुर्दशी का पर्व शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे, एसडीओपी राजपुर श्री बी एल अटोदे, डीएसपी अजाक श्रीमती निलेश्वरी डावर, डीएसपी श्री चेतन बघेल, रक्षित निरीक्षक श्री गजेंद्र निगवाल, रक्षित निरीक्षक उषा सिसोदिया, यातायात प्रभारी रजनी भार्गव, डीएसबी शाखा प्रभारी निरीक्षक रेखा वास्केल व जिले के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी व ऑफिस स्टाफ मौजूद रहा।
बड़वानी से अब्दुल सादिक चन्देरी की खास रिपोर्ट



Post a Comment