मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक: बड़वानी, खरगोन, खंडवा व बुरहानपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ₹90 लाख से अधिक का अवैध गांजा जब्त।
जंगल और पहाड़ियों के बीच अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 7,100 हरे पौधे जब्त
कुल 18 क्विंटल 12 किलो गांजा बरामद; थाना वरला में NDPS एक्ट के तहत 02 पृथक अपराध दर्ज
वन भूमि पर अवैध खेती करने वालों की पहचान में जुटी पुलिस; वीडियोग्राफी व जीपीएस लोकेशन के आधार पर जांच जारी*
बड़वानी/वरला
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़वानी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण जोन इंदौर) श्री अनुराग एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (निमाड़ रेंज खरगोन) श्री सिमाला प्रसाद के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में चार जिलों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ₹90 लाख से अधिक कीमत का अवैध गांजा जब्त किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में बड़वानी, खरगोन, खंडवा एवं बुरहानपुर जिले की पुलिस टीमों द्वारा दिनांक 07 से 08 अक्टूबर 2026 के मध्य सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
3.5 किमी दुर्गम क्षेत्र में मिली गांजे की खेती:
मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर ग्राम पंचायत खपाड़ा के अंतर्गत गंदायलापानी (जिला बड़वानी) और केलीअंबा (जिला खरगोन) के बीच जंगल व पहाड़ियों के दुर्गम इलाके में मुख्य मार्ग से लगभग 3.5 किलोमीटर अंदर दबिश दी गई। नाले के किनारे दो अलग-अलग खेतों में लहलहाती गांजे की अवैध फसल पाई गई।
कार्रवाई का विवरण:
* पहला खेत (टीम सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह चौहान): गांजे के 2,900 हरे पौधे, कुल वजन 8 क्विंटल 1 किलो, अनुमानित कीमत ₹40,05,250/-
* दूसरा खेत (टीम सब-इंस्पेक्टर छन्नूलाल चौहान): गांजे के 4,200 हरे पौधे, कुल वजन 10 क्विंटल 11 किलो, अनुमानित कीमत ₹50,57,750/-
* कुल जब्ती: 7,100 हरे पौधे | कुल वजन: 18 क्विंटल 12 किलो | कुल अनुमानित कीमत: ₹90,63,000/-
NDPS एक्ट में मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी:
संपूर्ण कार्रवाई नियमानुसार मौके पर जीपीएस (अक्षांश-देशांतर) लोकेशन दर्ज कर व वीडियोग्राफी के साथ निष्पादित की गई। थाना वरला में अपराध क्रमांक 253/2026 एवं 254/2026, धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वन विभाग से भूमि स्वामियों और कब्जेधारियों की आधिकारिक जानकारी ली जा रही है, जिसके आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सराहनीय भूमिका:
इस विशाल संयुक्त ऑपरेशन में निरीक्षक नारायण रावल, निरीक्षक प्रमोद कश्यप (खरगोन), निरीक्षक सीताराम सोलंकी (बुरहानपुर), उपनिरीक्षक प्रकाश मंडलोई (डीआईजी कार्यालय खरगोन), उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह चौहान, उपनिरीक्षक छन्नूलाल चौहान, सउनि शक्तिसिंह सिकरवार सहित बड़वानी, खंडवा एवं बुरहानपुर जिले के पुलिस बल का महत्वपूर्ण व सराहनीय योगदान रहा।
बड़वानी से अब्दुल सादिक चन्देरी कि रिपोर्ट





Post a Comment