नगर खेतिया में गाजे-बाजे के साथ हुआ दशा माता का आगमन, 10 दिनों तक होगी विशेष पूजा
खेतिया, /बड़वानी - नगर खेतिया में आज दीप अमावस्या के पावन पर्व पर दशा माता का भव्य आगमन हुआ। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ दशा माता की स्थापना की गई। सुबह से ही नगर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।प्राप्त जानकारी के अनुसार दीप अमावस्या को हरियाली अमावस्या के नाम से भी जाना जाता है। इसी दिन से दशा माता पर्व की शुरुआत होती है। आज सुबह महिलाओं द्वारा दशा माता की प्रतिमा को गाजे-बाजे, ढोल-ढमाकों के साथ पूरे नगर में भ्रमण कराया गया। इस दौरान महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं और माता के जयकारे लगाती हुई चल रही थीं। मान्यता है कि दशा माता का यह व्रत 10 दिनों तक चलता है। महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, परिवार की सुख-समृद्धि और दशा सुधारने के लिए दशा माता का पूजन करती हैं। 10 दिनों तक माता की कथा सुनी जाती है घरों में स्थापित दशा माता का 10 दिवस तक विधि-विधान से पूजन, आरती और कथा का आयोजन होगा। दसवें दिन माता का विसर्जन गाजे-बाजे के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर नगर की बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे नगर में दशा माता के आगमन से भक्ति और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
Post a Comment