दिव्यांगजनो की प्रतिभाओं को निखार कर उन्हें समावेशी माहौल देना ही सभी का दायित्व - कैबिनेट मंत्री श्री प्रेम सिंह पटेल It is everyone's responsibility to enhance the talents of Divyangjan and provide them an inclusive environment - Cabinet Minister Shri Prem Singh Patel

 दिव्यांगजनो की प्रतिभाओं को निखार कर उन्हें समावेशी माहौल देना ही सभी का दायित्व  - कैबिनेट मंत्री श्री प्रेम सिंह पटेल

बड़वानी 03 दिसंबर 2022/दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने अंतर भाव जरूरी है दिव्यांग शब्द से पोषित होता सद्भाव जरूरी है। कुछ इस तरह की शब्दावली को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री द्वारा आमजन के मानस में स्थापित करने का काम भारत सरकार के द्वारा किया गया है। अब हमारे दिव्यांगजन विकलांग नहीं दिव्यांग के रूप में पहचाने जाते हैं, जिसे ईश्वर ने विशेष शक्ति से नीहित किया है। 

उक्त बातें सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण एवं पशुपालन मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल ने आशाग्राम ट्रस्ट में सामाजिक न्याय विभाग के संयोजन में आयोजित दिव्यांगजन सामर्थ प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा भारत सरकार के द्वारा बनाए गए दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 एवं नियम 2017 के तहत मध्यप्रदेश शासन के द्वारा भी 21 प्रकार की दिव्यांगता के लिए प्रदेश में सतत जागरूकता लाकर सिकलसेल जैसी बीमारी से ग्रसित लोगों को भी दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनवाने व पेंशन उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। दिव्यांगजनों ने जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र आशाग्राम ट्रस्ट में आयोजित कौशल प्रदर्शन में गोला फेक, भाला फेंक, दौड़, वैशाखी दौड़, चेयर रेस एवं चित्रकला प्रतियोगिता में अपने सामर्थ का प्रदर्शन किया। साथ ही रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता में भी श्रीकांता विकलांग सेवा ट्रस्ट आश्रम निवाली के बालकों ने उम्दा प्रदर्शन कर दर्शकों को चकित कर दिया। दिव्यांगजनों के द्वारा कैबिनेट मंत्री एवं कलेक्टर श्री शिवराजसिंह वर्मा एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अनिल कुमार डामोर की उपस्थिति में आदिवासी गीत एवं राष्ट्रीय गीतों पर मंचीय प्रदर्शन कर सभी को अपनी प्रतिभा से रूबरू कराया।

    इस अवसर पर कलेक्टर श्री शिवराज सिंह वर्मा ने कहा दिव्यांगजनों के सहायतार्थ शासन की विभिन्न योजनाएं संचालित हो रही है। साथ ही मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अंतर्गत जिले में भी दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया है। कार्यक्रम के कैबिनेट मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल एवं कलेक्टर श्री वर्मा ने 5 दिव्यांगजनों को दिव्यांग सहयोगी उपकरण का वितरण किया गया। साथ ही कार्यक्रम में आयोजित सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को कैबिनेट मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल, कलेक्टर श्री शिवराजसिंह वर्मा एवं सीईओ जिला पंचायत श्री डामोर के द्वारा प्रशंसा-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान मेडिकल बोर्ड के द्वारा दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी बनाए गए। 

कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेलों में अपनी प्रतिभा से जिले को गौरवान्वित करने वाले पैरालंपिक क्रिकेटर श्री जितेन्द्र वाघ एवं भीलखेड़ा के श्री मनोज पटेल पैरालंपिक रेसलिंग में अव्वल रहने पर उन्हें मंत्री श्री पटेल एवं कलेक्टर श्री वर्मा के द्वारा सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम का संचालन आशाग्राम ट्रस्ट के श्री अभय सावनेर एवं आभार सामाजिक न्याय निशक्तजन कल्याण विभाग के उपसंचालक श्री आरएस गुड़िया के द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों द्वारा मध्यप्रदेश गान का गायन भी किया गया।      इस दौरान श्री कृष्णा गोले एवं श्रीकांता विकलांग सेवा ट्रस्ट निवाली के अध्यक्ष श्री वल्लभ दास अग्रवाल, श्री सुखदेव चंदोरे, श्री सुनील पवार, श्री राजेंद्र निकुम,  आशाग्राम ट्रस्ट के श्री साबिर भाई, यूनिटी  एवं कार्यकर्ता जिलेभर से आए दिव्यांगजन उपस्थित थे।

केबीएस टीवी न्यूज़ चैनल बड़वानी से सह संपादक रघुनाथ सेन कि रिपोर्ट 








Post a Comment

0 Comments