Top News

बड़वानी पीएम श्री विद्यालय एवं उत्कृष्ट विद्यालय में छह दिवसीय 'न्यायोत्सव' का शुभारंभ,बाल दिवस पर 'न्याय हर बच्चे के लिए' थीम के साथ शुरू हुआ विधिक सेवा सप्ताह।Six-day long 'Nyayotsav' inaugurated at PM Shri Vidyalaya and Utkrisht Vidyalaya, Barwani; Legal Services Week begins on Children's Day with the theme 'Justice for every child'

 बड़वानी पीएम श्री विद्यालय एवं उत्कृष्ट विद्यालय में छह दिवसीय 'न्यायोत्सव' का शुभारंभ,बाल दिवस पर 'न्याय हर बच्चे के लिए' थीम के साथ शुरू हुआ विधिक सेवा सप्ताह। 



बड़वानी - प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बड़वानी श्री महेंद्र कुमार जैन के मार्गदर्शन में छह दिवसीय कार्यक्रम *'न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह'* का शुभारंभ पैरामाउंट एकेडमी बड़वानी में किया गया। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह की थीम *'न्याय हर बच्चे के लिए'* रखी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों तथा उनके हितों की रक्षा के लिए उपलब्ध विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।



कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री कपिल वर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ जिला विधिक सेवा अधिकारी श्री रॉबिन दयाल, विद्यालय के प्राचार्य श्री शरद शर्मा एवं श्रीमती दीपिका शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।


न्यायोत्सव के उद्घाटन अवसर पर पीएम श्री विद्यालय क्रमांक 2 उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं भाषण सहित विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता पर आधारित एक प्रभावशाली लघु नाटिका प्रस्तुत कर डिजिटल दुनिया में सतर्कता और सुरक्षित व्यवहार का संदेश दिया।



मुख्य वक्ता के रूप में जिला न्यायाधीश श्री कपिल वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए POCSO अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, चाइल्ड हेल्पलाइन, साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन, विधिक सेवा हेल्पलाइन तथा राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA एवं SALSA) की भूमिका और कार्यप्रणाली के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार के शोषण अथवा अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कानूनी सहायता का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।


जिला विधिक सेवा अधिकारी श्री रॉबिन दयाल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आम नागरिकों एवं जरूरतमंदों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी साझा की।


कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जिला न्यायाधीश श्री कपिल वर्मा एवं विद्यार्थियों के बीच हुआ सीधा संवाद रहा। उन्होंने बच्चों के प्रश्नों को गंभीरता से सुना और सहज एवं सरल भाषा में उनके उत्तर दिए। इस संवाद ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ-साथ उन्हें कानून, न्याय व्यवस्था एवं अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक बनाया।


समारोह के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन PGT श्री दिलीप सिंह ने किया, जबकि श्रीमती रचना मिश्रा ने आभार प्रदर्शन किया। पीएम श्री विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती करुणा बेस एवं स्टाफ उपस्थित थे।

न्यायोत्सव की यह पहल विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता विकसित करने, उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग बनाने तथा एक सुरक्षित, जागरूक और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।


बड़वानी से अब्दुल सादिक चन्देरी कि रिपोर्ट 

Post a Comment

Previous Post Next Post