भगवान बिरसा मुंडा अदम्य साहस के प्रतीक : महेंद्र गोयल।
बड़वानी - भगवान बिरसा मुंडा ने 25 वर्ष की अल्प आयु में स्वदेशी, स्वधर्म, स्वाभिमान और सामाजिक अनुशासन का संदेश दिया। उनका बलिदान व आदर्श सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे। भगवान बिरसा मुंडा अदम्य साहस के प्रतीक हैं। उक्त वक्तव्य महेंद्र गोयल ने प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमानायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी में आयोजित कार्यशाला में कहे।
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा संचालित सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम अंतर्गत समाज कार्य के विद्यार्थियों के लिए जनजाति गौरव दिवस पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक सुश्री ज्योति वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
मुख्य वक्ता महेंद्र गोयल ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति की अनुपम मिसाल है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज के जल, जंगल, जमीन के अधिकारों और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया था। उनके नेतृत्व में हुए उलगुलान आंदोलन ने ब्रिटिश शासन को कड़ी चुनौती देकर समाज में आत्म सम्मान की चेतना जगाई थी।
विशेष वक्ता डॉ. लखन गांगले ने बताया कि 15 नवंबर का दिन न केवल जनजाति समाज के लिए बल्कि समूचे भारतवर्ष के लिए आत्म स्वाभिमान, अदम्य साहस और देशभक्ति के स्मरण का दिवस है। भगवान बिरसा मुंडा मात्र एक नाम नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं। जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आज भी हम सभी को प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अविनाश वानखेड़े द्वारा एवं आभार उदयराम ठाकुर द्वारा किया गया।
बड़वानी से अब्दुल सादिक चन्देरी कि रिपोर्ट



Post a Comment