बड़वानी : श्री सिंदूर भैरव मंदिर में भव्य भंडारे की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न, 1 दिसंबर को होगा आयोजन।
बड़वानी - शहर के आशाबल आश्रम रोड स्थित श्री सिंदूर भैरव मंदिर में आगामी 1 दिसंबर को भैरव अष्टमी के पावन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार रात मंदिर परिसर में श्री सिंदूर भैरव मंदिर समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में भंडारे की रूपरेखा, श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं, आवश्यक तैयारियों एवं आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। समिति द्वारा धर्मप्रेमी बंधुओं एवं श्रद्धालुओं से आयोजन में सहयोग की अपील भी की गई।
भैरव अष्टमी के अवसर पर मंदिर में भगवान श्री सिंदूर भैरव जी का विशेष श्रृंगार, अभिषेक एवं हवन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। इसके पश्चात कन्या भोज और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
उल्लेखनीय है कि यह आयोजन तीसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। पूर्व में छोटे स्तर पर होने वाला यह आयोजन अब वृहद स्वरूप ले रहा है। समिति के अनुसार इस वर्ष भंडारे में लगभग 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं के प्रसादी ग्रहण करने की संभावना है। इसी को देखते हुए समिति द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं।
समिति ने समस्त भैरव भक्तों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से आयोजन में सहभागी बनकर धर्मलाभ लेने तथा सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है।
बड़वानी से अब्दुल सादिक चन्देरी कि रिपोर्ट


Post a Comment