तिरंगे और धार्मिक ध्वजों से सजी गलियां, वाहन रैली में उमड़ा जनसैलाब; पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत, हिंदू-मुस्लिम एकता की दिखी मिसाल
KBS TV NEWS स्थान संवाददाता चंद्रशेखर सारस्वत
थांवला जिला नागौर
पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिवस पर ग्राम कोड में गूंजा भाईचारे का संदेश
थांवला के नजदीकी ग्राम कोड मे पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिवस के अवसर पर ग्राम कोड में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश देखने को मिला। मस्जिद से निकाली गई वाहन रैली में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, गणमान्य नागरिकों और आगंतुक मेहमानों ने भाग लिया। इस दौरान ग्राम की गलियां तिरंगों एवं धार्मिक ध्वजों से सजी नजर आईं और पूरे वातावरण में उत्साह दिखाई दिया।डीजे की धुन एवं कव्वालियों के साथ निकली वाहन रैली का ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। रैली में शामिल लोगों का भी गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थांवला पुलिस के जवान भी तैनात रहे।कार्यक्रम में गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द को लेकर विशेष संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भारत की संस्कृति विविधताओं में एकता की पहचान है। अलग-अलग धर्म और परंपराएं होने के बावजूद इंसानियत, प्रेम, सम्मान और भाईचारा सभी को एक सूत्र में जोड़ते हैं।इस अवसर पर कहा गया, “गंगा-जमुनी तहजीब हमारी साझा विरासत है, जहां मंदिर की घंटी और मस्जिद की अजान मिलकर भाईचारे का संदेश देती है। हमें शांति, सद्भाव और एक-दूसरे के सम्मान को मजबूत करते हुए समाज में एकता का वातावरण बनाए रखना चाहिए।ग्राम कोड में आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता, सांप्रदायिक सौहार्द और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का संदेश देने वाला आयोजन बनकर सामने आया। ग्रामीणों ने आपसी प्रेम, शांति और सद्भाव के साथ मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया।
Post a Comment