महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन,गोटेगांव में बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन की शुरुआत नगर के राम मंदिर, भगतराम चौराहा से हुई। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए फव्वारा चौक पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महंगाई कम करो” के नारे लगाते हुए केंद्र सरकार को घेरा।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल, शक्कर और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उनका कहना है कि महंगाई पर लगाम लगाने में केंद्र सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
फव्वारा चौक पर प्रदर्शन के बाद सभा आयोजित की गई, जहां कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधा और महंगाई को लेकर सरकार से जवाब मांगा। इसके बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष द्वारका राजपूत, गजेंद्र पटेल, मीनू राजपूत, आरिफ खान, सजल सोनी, आशीष राय, तारिक खान, आशीष तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। महंगाई के मुद्दे पर सड़क पर उतरी कांग्रेस ने साफ कर दिया कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे को और जोर-शोर से उठाया जाएगा।
गोटेगांव से शरद नेमा की रिपोर्ट।
Post a Comment