उल्लास कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, न्यायालय परिसर में उत्साह और उमंग की गूंज
खेतिया। न्यायालय परिसर खेतिया में मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेंद्र जैन तथा सचिव अमूल मंडलोई के मार्गदर्शन में विधिक सेवा समिति के माध्यम से न्यायाधीश श्रीमती नीलम खटाना की अगुवाई में ‘उल्लास कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। न्यायाधीश श्रीमती नीलम खटाना के अनुसार न्यायालयीन कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं के बीच आपसी सहयोग, उत्साह तथा सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देने व बच्चों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने उद्देश्य से ही आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में न्यायालयीन कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने भारत माता, झांसी की रानी, रानी दुर्गावती, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, अहिल्याबाई होलकर, किसान, भगवान कृष्ण, पंडित जवाहरलाल नेहरू, परी, सावित्रीबाई फुले, वकील, न्यायाधीश, सैनिक और पुलिसकर्मी जैसी विभिन्न वेशभूषाएं धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने राष्ट्रीय ध्वज, इंडिया गेट, महात्मा गांधी तथा प्रकृति सहित विभिन्न विषयों पर चित्र बनाए। निर्धारित समय सीमा में बच्चों द्वारा किए गए रचनात्मक चित्रण ने उपस्थितजनों को खूब आनंदित किया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में अभिजीत आशर्मा ने प्रथम, त्रिशा गुजर ने द्वितीय तथा धारवी बड़ोले ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में वेदांसीशाह प्रथम, आदित्य गुजर द्वितीय तथा चिराग देशमुख तृतीय रहे। विजेता प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पारितोषिक भी दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के परिजन भी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। कार्यक्रम में न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ अधिवक्ता संजय पटेल, सीजी पाटिल, दिनेश जोशी, मनोज वर्मा, संजय पंडित, कपिल शाह, भगवान गवले, कोमल सोनी, बालकृष्ण सिरसाट, गौरव सोनी, कैलाश सिरसाट, मनीष आशर्मा, संदीप चौहान सहित अन्य अधिवक्ता एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन अधिवक्ता कोमल सोनी ने किया। कार्यक्रम ने न्यायालयीन परिवार के बीच सौहार्द, सहयोग और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देने के साथ बच्चों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया।
खेतिया से राहुल उपासनी की रिपोर्ट
Post a Comment