मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर में सिलावद पहुंचे डीआईजी ,डीआईजी सिमाला प्रसाद ने नागरिकों से किया सीधा संवाद; सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का कराया संतुष्टिपूर्वक निराकरण।
*ISO 9001 प्रमाणित थाना सिलावद का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं व आर्म्स ड्रिल की सराहना*
आज दिनांक 05-09-2026 को पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल की उपस्थिति में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में भाग लिया। इस दौरान डीआईजी ने थाना सिलावद में लंबित सीएम हेल्पलाइन के शिकायतकर्ताओं व आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराया।
डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु सिलावद क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, व्यापारियों व छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत शाम 04 से 06 बजे तक सघन वाहन चेकिंग करने तथा सप्ताह में एक बार इंटरसेप्शन वाहन भेजने के निर्देश दिए। साथ ही रक्षा समिति के सदस्यों का सहयोग रात्रि गश्त एवं ट्रैफिक में लेने तथा जर्जर पुलिस क्वार्टरों की जगह नए आवासीय परिसर का प्रस्ताव तैयार करने की बात कही। उन्होंने घाट सेक्शन क्षेत्र को सिलावद थाने में शामिल करने के सुझाव का प्रस्ताव आगे भेजने का आश्वासन दिया तथा बड़वानी पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे 3D मिशन (डीजे, दहेज एवं दारू के विरुद्ध अभियान) के सकारात्मक प्रभावों की सराहना की।
थाना निरीक्षण व शस्त्र परीक्षण (आर्म्स ड्रिल)
इसके पश्चात डीआईजी सिमाला प्रसाद ने ISO 9001 प्रमाणित थाना सिलावद का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के आधुनिकीकरण, फरियादियों की बैठने की व्यवस्था, सुविधाओं एवं रिकॉर्ड कीपिंग की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक बड़वानी व थाना प्रभारी को बधाई दी।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी की उपस्थिति में अश्रु गैस गन (Tear Gas Gun) का व्यावहारिक परीक्षण कराया गया। साथ ही थाने में रखे शस्त्रों (आर्म्स) के रख-रखाव व तत्परता की जांच हेतु पुलिस कर्मचारियों से शस्त्रों के कलपुर्जे (Parts) खुलवाकर पुनः जुड़वाकर देखे गए। पुलिस बल के इस त्वरित एवं कुशल प्रदर्शन की डीआईजी ने विशेष सराहना की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, एसडीओपी राजपुर श्री बी एल आटोदे डीएसपी श्री चेतनसिंह बघेल, रक्षित निरीक्षक श्री गजेन्द्रसिंह निंगवाल, थाना प्रभारी सिलावद श्री आर.के. लवंशी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी, ग्रामीणजन, मीडियाकर्मी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Post a Comment