सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के लिए बड़वानी पुलिस का 14वां विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित, पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में 50 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण।
बड़वानी वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस द्वारा तैयारियां निरंतर की जा रही हैं। इसी क्रम में दिनांक 23 नवम्बर 2026 को जिला मुख्यालय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के 14वें सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के 50 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में बड़वानी पुलिस द्वारा सिंहस्थ महापर्व के लिए पुलिस बल को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है। भौगोलिक दृष्टि से महाराष्ट्र एवं दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़वानी जिला प्रमुख प्रवेश मार्गों में से एक रहेगा। ऐसे में यात्रियों की सहायता, सुगम यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल को सेवाभाव, संवेदनशीलता, अनुशासन एवं प्रभावी पुलिसिंग के लिए तैयार किया जा रहा है।
प्रशिक्षण सत्र में भीड़ नियंत्रण एवं वीआईपी प्रबंधन, यातायात एवं आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सॉफ्ट स्किल्स एवं प्रभावी संवाद जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने तथा श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सेवाभावपूर्ण व्यवहार करने के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम Training of Trainers (TOT) मॉडल पर आधारित है। इस कार्यक्रम के तहत तैयार किए जा रहे 50 अधिकारी एवं कर्मचारी आगामी समय में मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाएंगे तथा निर्धारित प्रशिक्षण कैलेंडर के अनुसार जिले के पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित करेंगे।
प्रशिक्षण सत्र में एसडीओपी बड़वानी श्री रोहित अलावा, रक्षित निरीक्षक श्री गजेन्द्र निंगवाल, सूबेदार अलका वास्केल सहित पुलिस अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को सेवाभाव, सजगता एवं सहनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
रिपोर्ट - बड़वानी से चीफ ब्यूरो अब्दुल सादिक चंदेरी




Post a Comment